सूचना एकत्र की जा रही है’ के जवाब पर सरकार पर जानकारी रोकने का आरोप
- Details
-
Created on Tuesday, 25 August 2026 05:03
-
Written by Shail Samachar
शिमला/शैल। मानसून सत्र शुरू होने से पहले नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सरकार के खिलाफ तेवर कड़े कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष सदन में जनहित के मुद्दों पर सकारात्मक भूमिका निभाएगा, लेकिन सरकार ने विपक्ष की आवाज दबाने या बदले की भावना से कारवाई करने की कोशिश की तो इसका जोरदार विरोध किया जाएगा।
सर्वदलीय बैठक के बाद विधानसभा परिसर में पत्रकारों से बातचीत में जयराम ठाकुर ने कहा कि विपक्ष सरकार के अच्छे फैसलों में सहयोग करेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और मंत्री सदन में सही और जिम्मेदारी से बात रखेंगे तो विपक्ष भी उनकी बात सुनेगा, लेकिन लोकतांत्रिक आवाज को दबाने का प्रयास हुआ तो विपक्ष सदन के भीतर और बाहर जनता की आवाज बनेगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कुछ समय से विपक्ष के जनप्रतिनिधियों के खिलाफ बदले की भावना से मामले दर्ज किए जा रहे हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि यदि किसी मामले में आरोप गंभीर हैं तो कानून के अनुसार जांच होनी चाहिए, लेकिन विपक्ष की आवाज दबाने के लिए कारवाई स्वीकार नहीं की जाएगी।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सरकार का ध्यान विकास कार्यों पर होना चाहिए था, लेकिन उसके बजाय संस्थानों को बंद करने और विपक्ष की आवाज को कमजोर करने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों में विपक्ष के विधायकों के सवालों के जवाब में बार-बार ‘सूचना एकत्र की जा रही है’ कहा जाता रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कई मामलों में अधिकारियों के पास जानकारी उपलब्ध होने के बावजूद मंत्री और मुख्यमंत्री सदन में जवाब देने से बचते हैं। कुछ विभागाध्यक्षों पर भी उन्होंने जानबूझकर जानकारी रोकने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मजबूरी में विपक्ष को सूचना का अधिकार कानून के जरिए जानकारी हासिल कर उसे विधानसभा में रखना पड़ रहा है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि सदन में पूछे गए सवालों का समय पर जवाब मिलना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने अध्यक्ष से मांग की कि विधायकों द्वारा मांगी गई जानकारी उन्हें समय पर उपलब्ध करवाई जाए। उन्होंने कहा कि शून्यकाल में उठाए गए महत्वपूर्ण मामलों पर भी सरकार को जवाब देना चाहिए।
मुख्यमंत्री के सदन में व्यवहार को लेकर भी जयराम ठाकुर ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कई बार मुख्यमंत्री का व्यवहार सदन की गरिमा के अनुरूप नहीं रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विपक्ष सहयोग के लिए तैयार है, लेकिन यह सहयोग सरकार के व्यवहार और सदन में उसकी जवाबदेही पर निर्भर करेगा।
जयराम ठाकुर ने कहा कि विपक्ष जनहित के मुद्दों से पीछे नहीं हटेगा। सरकार यदि सकारात्मक रवैया अपनाती है तो विपक्ष रचनात्मक सहयोग करेगा, लेकिन लोकतंत्र और जनता की आवाज दबाने की कोशिश हुई तो विपक्ष उसका मजबूती से जवाब देगा।
Add comment